यू पी जनपद महराजगंज के चौक नगर स्थित गोरक्षपीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ महाविद्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बाबा बालकनाथ द्वारा महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति के रूप में सरस्वती वंदना एवं श्रद्धांजलि गीत प्रस्तुत किया गया।

        महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह द्वारा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य वसंत नारायण सिंह ने केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी, जल शक्ति मंत्री उत्तर प्रदेश शासन, डॉ महेंद्र प्रताप सिंह, महंत बालक नाथ, महंत सुरेश नाथ व सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के कुलपति हरि बहादुर श्रीवास्तव को स्मृति चिन्ह और उत्तरीय प्रदान कर उनका स्वागत किया।

    सबसे पहले केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए सभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महंत अवेद्यनाथ हम सबके मार्गदर्शक थे। उनका जीवन विवादरहित था। उन्होंने सदैव समाज को जोड़ने का काम किया। यही वजह थी कि मीनाक्षी देवी मंदिर परिसर में दलितों के प्रवेश के प्रश्न पर उन्होंने दलितों का खुलकर पक्ष लिया। इसके साथ ही वे 24 वर्षों तक निरंतर राम मंदिर आंदोलन का नेतृत्व करते रहे।


        मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षा मंत्री समेत सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बौद्धिक व शैक्षिक क्षेत्र में 5-6 दशकों तक कार्य करने वाले पूज्य महंत अवेद्यनाथ जी की प्रतिमा का अनावरण करने हेतु आज भारत सरकार के यशस्वी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी उपस्थित हैं, मैं सबकी ओर से उनका स्वागत करता हूँ। उन्होंने आगे कहा कि 2014 से पहले भारत में आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा की स्थिति अत्यंत खराब थी। भारत आतंकवाद, अलगाववाद और माओवाद जैसी समस्याओं से पीड़ित था। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने इन समस्याओं को सिकोड़ने का कार्य किया है। दुश्मन देश भारत की सीमाओं से दूर रहते हैं।


   मुख्यमंत्री ने  महंत अवेद्यनाथ की चर्चा करते हुए कहा कि महंत जी ने जनपद के शैक्षणिक पिछड़ेपन को देखते हुए दिग्विजय नाथ इंटर कॉलेज की स्थापना की और 80 के उत्तरार्ध में बालिकाओं की शिक्षा के लिए विद्यालय खोलने का कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सदी के पूर्वार्ध में महंत जी ने मुझे जनपद में महाविद्यालय खोलने का निर्देश दिया था, जिसपर मेरे द्वारा तुरंत कार्य प्रारंभ कर दिया गया। आज उन्हीं की प्रेरणा से  महाविद्यालय ने मूर्त रूप लिया है। इस महाविद्यालय के माध्यम से जनपद के बालक-बालिकाओं को कला, विज्ञान और वाणिज्य शिक्षा प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में चौक के प्रति महंत अवेद्यनाथ के लगाव की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में जनपद विकास प्रक्रिया के पथ पर आगे बढ़ा है। इसके लिए मैं आप सबको शुभकामनाएं देता हूँ और मेरा प्रयास होगा कि यह जनपद निरंतर विकास पथ पर बढ़ता रहे।

      इसके बाद मुख्य अतिथि राजनाथ सिंह ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हम लोग महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के अनावरण में उपस्थित हुए हैं, जिनका व्यक्तित्व किसी परिचय का मोहताज नहीं है। यहां उपस्थित लोगों की भावना एवं श्रद्धा को देखकर, यहां के लोगों की सनातन धर्म, गोरक्ष पीठ एवं महंत अवेद्यनाथ के प्रति आस्था का पता चलता है। रक्षा मंत्री ने बताया कि गोरखपुर एवं महंत अवेद्यनाथ से उनका पुराना एवं लंबा संबंध रहा है। इस दौरान रक्षा मंत्री ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियों को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि महंत अवेद्यनाथ का व्यक्तित्व प्रभावशाली था और जिस पीठ से वह जुड़े थे उस पीठ ने निरंतर सनातन धर्म के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य किया है। उन्होंने मीनाक्षी देवी मंदिर आंदोलन और महावीर मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए, दलितों के प्रति महंत जी की भावनाओं को उपस्थित लोगों से साझा किया।

         रक्षा मंत्री ने कहा कि महंत अवेद्यनाथ के दिखाए मार्ग पर ही, उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी चल रहे हैं, जिन्होंने प्रदेश को विकास के पथ पर तेजी से आगे ले जाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि योगी जी को देखकर महंत अवेद्यनाथ की दूरदर्शिता का भी सहज बोध होता है। उन्होंने योगी जी के बारे में कहा कि उनके पास सत्ता शक्ति के साथ-साथ इच्छा शक्ति भी है। यही कारण है कि प्रदेश अपराधमुक्त होने के साथ-साथ तेजी से विकास की ओर अग्रसर है।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य वसंत नारायण सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ अविनाश सिंह द्वारा किया गया।

   कार्यक्रम में जनपद के सभी विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा के जिलाध्यक्ष, सम्मानित संतजन समेत अन्य सम्मानित अतिथिगण उपस्थित रहे।

Tags

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *