न्यूज ऑफ इंडिया ( एजेन्सी)

लखनऊ: 31 अक्टूबर, 2023

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विगत 26 से 29 अक्टूबर, 2023 तक इंटेक्स ओसाका, जापान में आयोजित प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रदर्शनी (जाटा) ट्रैवल एक्सपो में शामिल हुआ। इस आयोजन में उत्तर प्रदेश पर्यटन का स्टॉल प्रमुख आकर्षण के रूप में उभरा है, जिसने आगंतुकों, विशेषकर बौद्ध धर्म में गहरी रुचि रखने वालों का ध्यान आकर्षित किया है। इसके दौरान उ0प्र0 के पर्यटन की मार्केटिंग एवं ब्राण्डिंग पर जोर देते हुए पर्यटकों एवं निवेशकों को उ0प्र0 आने के लिए प्रोत्साहित किया गया।


यह जानकारी आज यहां प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्हांेने बताया कि उत्तर प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के लिए जाना जाता है। उ0प्र0 बौद्ध स्थलों का एक उल्लेखनीय संग्रह समेटे हुए है, जो जापानी, कोरियाई और बौद्ध धर्म के अन्य अनुयायियों के लिए अत्यधिक महत्व रखता है। उत्तर प्रदेश की विरासत और बौद्ध धर्म के बीच अटूट संबंध के चलते जापान, कोरिया, चीन और दुनिया के अन्य हिस्सों के पर्यटकों के लिए तीर्थयात्रा पर्यटन और सांस्कृतिक अन्वेषण का केंद्र बिंदु बन गया है। उन्होंने बताया कि यूपीजीआईएस-23 के दौरान विदेशी निवेशकों ने उ0प्र0 में पर्यटन सेक्टर में निवेश के लिए काफी रूचि दिखाई है। यह एक्सपो प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देगा।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि जाटा ट्रैवल एक्सपो जापान में उत्तर प्रदेश पर्यटन स्टॉल पर आगंतुकों को इन पवित्र स्थलों के इतिहास, आध्यात्मिकता और सुंदरता को जानने का अवसर मिलेगा, जो वैश्विक बौद्ध परंपरा का अभिन्न अंग हैं। उत्तर प्रदेश में सबसे प्रतिष्ठित बौद्ध स्थलों में से प्रमुख सारनाथ शामिल है, जहां बुद्ध ने अपना पहला उपदेश दिया था और कुशीनगर जहाँ बुद्ध का महापरिनिर्वाण स्थान है। पर्यटन विभाग इस मंच के माध्यम से विश्वभर के पर्यटको और आगंतुकों को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों/आकर्षणों के प्रति जागरूक करने के साथ देश व विदेश के पर्यटको को भ्रमण के लिए आकर्षित करने के साथ निवेश आकर्षित करने का अवसर प्रदान करता है।
जयवीर सिंह ने ट्रैवल एक्सपो जापान में भागीदारी के बारे में उत्साह व्यक्त करते हुए बताया कि हमें जापान में इस प्रतिष्ठित ट्रैवल एक्सपो का हिस्सा बनकर प्रसन्नता हो रही है, जहां हमने इस मंच से अपने राज्य के पर्यटन स्थलों को वैश्विक दर्शकों के साथ साझा किया। उत्तर प्रदेश न केवल ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व का स्थान है, बल्कि आध्यात्मिक और धार्मिक अन्वेषण का केंद्र भी है”। उत्तर प्रदेश अपने समृद्ध इतिहास, संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। यहाँ पर काशी, अयोध्या, मथुरा, चित्रकूट और नैमिषारण्य जैसे धार्मिक पर्यटन स्थल हैं। दुनिया में मशहूर ताज महल भी यहीं है। हेरिटेज और ईको पर्यटन के लिहाज से भी यह खास प्रदेश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *