बहराइच- खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 अन्तर्गत मूल्य समर्थन योजना के तहत जनपद में 01 नवम्बर से प्रारम्भ धान खरीद कार्य का जायज़ा लेने के उद्देश्य से आयुक्त देवीपाटन मण्डल योगेश्वर राम मिश्र ने क्रय एजेन्सी खाद्य एवं रसद विभाग के धान क्रय केन्द्र खुटेहना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने क्रय केन्द्र परिसर की साफ-सफाई, किसानों और उनके मवेशियों के लिए छाव, पेयजल, बैठने, बैनर, रेट लिस्ट सहित अन्य व्यवस्था का जायज़ा लेते हुए क्रय केन्द्र प्रभारी क्षेत्रीय विपणन अधिकारी विजय कुमार यादव से धान खरीद के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान क्रय केन्द्र प्रभारी श्री यादव ने आयुक्त को बताया कि अब तक 12 कुण्टल धान की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि सोमवार से धान की आवक में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। धान खरीद हेतु क्रय केन्द्र पर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण हैं। आयुक्त ने क्रय केन्द्र प्रभारी को निर्देश दिया कि क्रय केन्द्र पर आने वाले कृषकों को पराली को जलाने के बजाय उसका बेहतर एवं वैज्ञानिक विधि से प्रबन्धन करने हेतु जागरूक किया जाय।


आयुक्त श्री मिश्र ने मौके पर मौजूद उप जिलाधिकारी पयागपुर दिनेश कुमार को निर्देश दिया कि नियमित रूप से क्रय केन्द्रों का निरीक्षण कर शासन की मंशानुरूप धान क्रय सुनिश्चित कराएं। आयुक्त ने कहा कि किसी भी क्रय केन्द्र पर घटतौली, बोरो व पैसों की अनुपलब्धता अथवा व्यवस्थाओं की कमी के कारण धान खरीद प्रभावित नहीं होनी चाहिए। किसी भी क्रय केन्द्र पर किसानों के शोषण की शिकायत को अत्यन्त गम्भीरता के साथ लिया जाएगा और दोषी अधिकारियों कर्मचारियों के विरूद्ध अनिवार्य रूप से दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *