लखीमपुर खीरी। युवराज दत्त महाविद्यालय में अर्थशास्त्र विभाग एवं जंतु विज्ञान विभाग द्वारा मिशन शक्ति फेज 3 के अंतर्गत विश्व थायराइड दिवस के अवसर पर मानव स्वास्थ्य और थायराइड का महत्व महिलाओं के विशेष संदर्भ में विषय पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. ज्योति पंत ने किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार आगा ने थायराइड ग्रंथि का मानव शरीर में महत्व व इसके क्रियाकलाप मानव शरीर को किस प्रकार प्रभावित करते हैं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके अतिरिक्त थायराइड के बढ़ने या कम होने पर शरीर में किस प्रकार के लक्षण उभरते हैं। इनके बारे में भी बताया। टीएसएच टी 3 एवं टी 4 आदि के विषय में समझाया। मुख्य अतिथि जिला महिला चिकित्सालय की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता अवस्थी ने थायराइड से जुड़ी महिलाओं संबंधी सामान्य समस्याओं विशेषकर मासिक धर्म की अनियमितता, अत्यधिक रक्तस्राव एवं क्लाटिंग के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि महिलाओं में पुरुषों की अपेक्षा थायराइड की समस्या अधिक होती है। भारत में लगभग 5 करोड़ महिलाएं इससे प्रभावित हैं। महिलाओं को बचाव के लिए समय-समय पर थायराइड की जांच कराते रहना चाहिए। इस दौरान अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रोफेसर हेमंत पाल ने समस्त छात्र-छात्राओं को मिशन शक्ति के तहत विश्व थायराइड दिवस पर बताया कि महिलाओं को सशक्त होने के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है, जिनसे वे समाज में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ सकती हैं। इस दौरान अंतर्सवाद साथ में जिला महिला चिकित्सालय से आई डॉ. श्वेता अवस्थी एवं किशोरी बाल कार्यक्रम की काउंसलर दीपमाला ने छात्र-छात्राओं के शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। मिशन शक्ति संयोजिका डॉ. नीलम त्रिवेदी ने सभी अतिथियों एवं कार्यक्रम आयोजकों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में मनोज कुमार, दीपक कुमार बाजपेई, डॉ. ओपी सिंह आदि शिक्षकों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *