आगरा /प्रयागराज। यूपी बोर्ड की परीक्षा में बृहस्पतिवार को इंटरमीडिएट गणित और जीव विज्ञान के प्रश्न पत्र परीक्षा शुरू होने के एक घंटे बाद ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। मामले में डीआईओएस आगरा ने थाना फतेहपुर सीकरी में मुकदमा दर्ज कराया। आरोपी कालेज प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके बेटे की तलाश में देर रात पुलिस दबिश दे रही थी।

पुलिस ने गांव रोझौली स्थित श्री अतर सिंह इंटर कॉलेज के प्रबंधक व प्रिंसिपल राजेंद्र सिंह उर्फ हुड्डा, उसके बेटे कंप्यूटर ऑपरेटर विनय चौहान, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक गंभीर सिंह और स्टेटिक मजिस्ट्रेट गजेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 

बृहस्पतिवार को दोपहर 2 से शाम 5:15 बजे तक की पाली में गणित और जीव विज्ञान की परीक्षा थी। हाईस्कूल का कृषि का प्रश्नपत्र भी चल रहा था। अपराह्न करीबन 3 बजे व्हाट्स एप ग्रुप पर जीव विज्ञान और गणित के प्रश्नपत्रों की फोटो की कॉपी भेजी गई थी। 

इस ग्रुप में माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रधानाचार्य और शिक्षक जुड़े हुए थे। मगर, कुछ देर बाद प्रश्नपत्र को डिलीट कर दिया गया। तब तक बड़ी संख्या में लोग प्रश्नपत्र को देख चुके थे। यह वायरल भी हो गए। व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन पूर्व डीआईओएस आगरा। गणित और जीव विज्ञान के प्रश्नपत्र जिस व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल हुए हैं, उसके ग्रुप एडमिन पूर्व डीआईओएस मनोज कुमार हैं। ग्रुप में शिक्षक और प्रधानाचार्य सदस्य हैं। प्रश्नपत्र वायरल होने के बाद दो एडमिन ग्रुप से हट गए। इस ग्रुप पर प्रश्नपत्रों की फोटो वायरल की गई। पहली बार विनय चौधरी के नंबर से वायरल की गई। उसके बाद एक अन्य सदस्य ने वायरल की।

प्रश्नपत्र के निरस्त होने पर असमंजस

माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। प्रश्नपत्रों के फोटो वायरल होने से परीक्षा की शुचिता को लेकर स्थिति साफ नहीं की गई है। परीक्षार्थियों के मन में परीक्षा को लेकर असमंजस बना है। परीक्षा निरस्त न कर दी जाए। हालांकि इस बारे में शिक्षा अधिकारियों की तरफ से कोई स्थिति साफ नहीं की गई है। 

थाना फतेहपुर सीकरी में मुकदमा दर्ज, कॉलेज संचालक गिरफ्तार

आगरा के राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक और संयुक्त शिक्षा निदेशक मुकेश अग्रवाल ने आगरा के प्रिंसिपल ग्रुप के व्हाट्सएप पर इंटरमीडिएट के दो विषयों के प्रश्नपत्र डाले जाने की जानकारी दी। द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान ऑल प्रिंसिपल्स आगरा नामक व्हाट्सएप ग्रुप में दोपहर बाद 3:10 बजे इंटरमीडिएट जीव विज्ञान और गणित का पेपर वायरल किए दोनों जाने के बाद दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया। 

प्रश्नपत्र तब वायरल हुए जब परीक्षा 1:10 घंटे तक संपादित हो चुकी थी। इस मामले में पेपर वायरल करने वाले विनय चौधरी व अन्य के खिलाफ डीआईओएस आगरा की ओर से प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। दिव्यकांत शुक्ल, सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद-प्रयागराज।

परीक्षा के दौरान पेपर वायरल करने के मामले में 4 नामजद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। श्री अतर सिंह इंटर कॉलेज के प्रबंधक व प्रिंसिपल राजेंद्र सिंह उर्फ हुड्डा को गिरफ्तार किया गया है। उनके बेटे विनय चौधरी ने पेपर वायरल किया था। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। सोनम कुमार, डीसीपी पश्चिमी जोन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *