बाराबंकी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज बाराबंकी पहुंचे। वह यहां पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप के घर उनके बड़े भाई अशोक कुमार सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। दरअसल गोप के बड़े भाई अशोक सिंह का हार्ट अटैक के चलते कल निधन हो गया था। इस मौके पर अखिलेश यादव के साथ सपा नेता राजेंद्र चौधरी भी मौजूद थे। इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी समाजवादी पार्टी गोप के परिवार के साथ है।

वहीं गोप के बड़े भाई अशोक सिंह के आकस्मिक निधन पर सपा जिला सह प्रवक्ता वीरेंद्र प्रधान ने कहा कि यह उनके परिवार के लिए बहुत बुरा समय है। गोप के बड़े भाई का जाना बेहद कष्टकारी है। वह चुनाव में सुबह से लेकर रात तक गांव-गांव जाकर लोगों को जोड़ते थे। उनकी संवाद शैली सभी को जोड़े रखने वाली थी। लोगों की समस्याओं को दूर कराने के लिए भी वह तत्पर रहते थे। अशोक सिंह अपने सरल स्वभाव के कारण विपक्षी पार्टियों के नेताओं से भी उनके अच्छे संबंध थे।आपको बता दें कि अशोक सिंह साल 2015 में निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुने गए थे।

बाराबंकी के सिविल लाइन स्थित आवास पर उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। जब तक उन्हें परिजन अस्पताल ले जाते, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। अशोक सिंह वर्तमान में बाराबंकी में सुबेहा के नरौली में एसबीएस इंटर कालेज संचालित कर रहे थे। उनका एक बेटा हर्षित सिंह और एक बेटी सौम्या सिंह हैं। बेटी का विवाह हो चुका है।

वहीं इस मौके पर अरविंद सिंह गोप ने कहा कि भाई अशोक सिंह ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वह जीत हार को समान मानकर जनता की सेवा को ही सर्वोच्च स्थान देने की बात कहते थे। हर कदम पर उनका समर्थन मिला। परिवार की जिम्मेदारी भी वह बखूबी निभाते थे। उन्होंने कहा कि अशोक सिंह जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा खड़े रहे। ऐसे में उनका जाना हमारे परिवार के लिए बहुत बड़ी छति है।

रिपोर्ट: बाराबंकी से इन्द्र जीत वर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *